🧐 स्वागत है 'दी सिनिकल माइंड' की डिजिटल चौपाल पर!
"दुनिया गोल है और यहाँ होने वाला हर ढोंग अनमोल है।"
अगर आप इस इंटरनेट की अंतहीन दुनिया में घूमते-घूमते यहाँ तक पहुँचे हैं, और आपको लगता है कि यहाँ आपको मीठी-मीठी बातें, घिसे-पिटे ज्ञान के कैप्सूल या दुनिया को 'गुलाबी' चश्मे से दिखाने वाला कंटेंट मिलेगा- तो भाई, आप गलत पते पर आ गए हैं!
यह The Cynical Mind (दी सिनिकल माइंड) है। यहाँ चीजें वैसी ही दिखाई जाती हैं, जैसी वे असल में हैं- बिना किसी फ़िल्टर के, बिना किसी लाग-लपेट के, और थोड़े कड़वे मगर मज़ेदार स्वाद के साथ।
हमारा मिजाज क्या है?
हम उस प्रजाति से ताल्लुक रखते हैं जो रात के अंधेरे में आसमान के चमकीले सितारों को देखकर रोमांटिक कविताएँ नहीं लिखती, बल्कि यह याद रखती है कि वह सिर्फ एक अनंत खालीपन है। हम वो हैं जो आज के 'Gen-Z' और कलयुगी प्यार के पीछे छुपे 'गिव एंड टेक प्राइवेट लिमिटेड' वाले स्टार्टअप को बेनकाब करते हैं।
इस चबूतरे पर आपको मिलेगा:
- करारा सामाजिक और राजनीतिक व्यंग्य: सरकारी तंत्र की लेटलतीफी से लेकर समाज के पाखंड तक, हर उस बात पर तीखा कटाक्ष जो आपके दिमाग के बंद पुर्जों को खोल दे।
- देसी साइ-फाई और बकैती: जहाँ हॉलीवुड वाले एलियंस को न्यूयॉर्क में उतारते हैं, हम उन्हें सीधे बिहार के जमुई जिले के बैंगन के खेत में उतारकर 'लिट्टी-चोखा' का स्वाद चखा देते हैं!
- इतिहास और समसामयिक मुद्दों का बेबाक विश्लेषण: चाहे वो आपातकाल के काले दिन हों या आज के दौर की छद्म-धर्मनिरपेक्षता- हम इतिहास के पन्नों को उसी बेबाकी से पलटते हैं जिसकी आज सख्त ज़रूरत है।
- टेक्नो-वाइब : यहाँ सिर्फ साइंस नहीं, बल्कि कड़क Techno Vibe(टेक्नो-फिक्शन, साइबरपंक और थ्रिलर) मिलेगी। हम कंप्यूटर कोडिंग, डेटाबेस और एरर-कोड जैसी रूखी-सूखी तकनीकी भाषा को आम देसी जिंदगी के रूपकों में ऐसे घोलकर परोसते हैं कि नॉन-टेक्निकल बंदा भी साइबरपंक थ्रिलर का मज़ा ले सके। जब रैम की स्टोरेज और डिस्क मेमोरी फुल होने पर जीवन का दर्शन समझ आने लगे, तो समझ जाइये कि आप 'दी सिनिकल माइंड' के सर्वर पर लॉग-इन कर चुके हैं!
जुड़िए इस बेबाक कारवां से
मेरा मानना है कि जब तक आप किसी चीज़ पर सवाल नहीं उठाते, तब तक आप जिंदा नहीं हैं। और सवाल उठाने के लिए दिमाग का 'सिनिकल' होना बहुत ज़रूरी है।
अगर आपके पास भी एक ऐसा दिमाग है जो ट्रेंड्स के पीछे आँख बंद करके नहीं भागता, जो मीठी बातों के पीछे का एजेंडा समझता है, और जो हँसते-हँसते कड़वा सच पचाने का दम रखता है- तो इस ब्लॉग को अपनी डाइट का हिस्सा बना लीजिए।
पढ़िए, सोचिए, मुस्कुराइए और जहाँ पाखंड दिखे-- वहाँ भौकाल मचाइए! 🚀
इस डिजिटल बकवास और गंभीर चिंतन के पीछे जो दिमाग काम कर रहा है, उसे दुनिया चंदन गुंजन के नाम से जानती है। पेशे से एक टेक-बंदा (Software Developer) और दिल से किस्सागोई (लेखक: ब्रह्मांड के फूफाजी: फ्रॉम जमुई टू जुपिटर, कॉस्मिक ग्लिच: एरर 404, सिस्टम शटडाउन , Orphan Process: A function nobody called)।